READ MORE
भारतीय नौसेना के पूर्व अधिकारी कुलभूषण जाधव की इस्लामाबाद में उनकी मां और पत्नी के साथ बेहद तनावपूर्ण स्थिति में मुलाकात हुई थी. सीएनएन-न्यूज़18 के सूत्रों ने बताया कि ‘बैठक के वीडियो को एडिट करके पाकिस्तान जाधव को अंतरराष्ट्रीय जासूस के रूप में पेश करने की चाल चल सकता है.’ पाकिस्तान से लौटने के बाद जाधव की मां ने विदेश मंत्रालय के अधिकारियों को जो बातें बताईं, उससे यह आशंका बढ़ गई है.विदेश मंत्रालय के सूत्रों ने सीएनएन न्यूज़ 18 को बताया कि ‘जब जाधव अपनी मां और पत्नी से मुलाकात कर रहे थे, तब वह दबाव में दिख रहे थे. उन्होंने जो कुछ भी बोला उस पर मां ने सच बोलने को कहा.
सूत्रों का मानना है, मां की इस तरह की बातचीत को दुनिया को दिखाने के लिए एडिट किया जा सकता है. विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने भी गुरुवार को राज्यसभा में पाकिस्तान की ओर से जाधव की मां और पत्नी के साथ किए गए अत्याचार पर बयान दिया. उन्होंने कहा कि कुलभूषण जाधव की मां और बीवी की बिंदी, चूड़ी, मंगलसूत्र उतरवा लिया गया. इसलिए जाधव ने शुरू में सोचा कि उनकी मां विधवा हो गई हैं.
सुषमा ने कहा कि उन्होंने आज सुबह खुद जाधव की मां और पत्नी से बात की है. परिवार ने बताया कि कुलभूषण स्वस्थ नहीं लग रहे थे. लग रहा था कि वो स्क्रिप्टेड बातें कह रहे थे.मुलाकात की पाकिस्तान ने वीडियोग्राफी करवाई है, जबकि भारत को रिकॉर्ड करने की अनुमति नहीं थी. ऐसे में यह आशंका है कि पाकिस्तान फुटेज को एडिट कर इसका उपयोग दुष्प्रचार के लिए कर सकता है. वह दावा कर सकता है कि जाधव ने अपने परिवार के सामने जासूसी की बात कबूल भी की थी. चूंकि भारत में रिकॉर्डिंग नहीं है, इसलिए पाकिस्तान के झूठ को साबित करने के लिए कोई वैकल्पिक वीडियो भी नहीं होगा.
Article source: http://hindi.pradesh18.com/news/live-news/rbi-launches-new-rs-500-notes-in-delhi-see-first-look-1510024.html
No comments:
Post a Comment