READ MORE
दिल्ली मेट्रो की ग्रीन लाइन (इंद्रलोक- कीर्तिनगर) में मुंडका से बहादुरगढ़ तक के विस्तार खंड पर 24 जून से मेट्रो रेल सेवा शुरू हो जाएगी.मेट्रो रेल के 11.2 किमी लंबे इस रेलमार्ग पर मेट्रो सेवा का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी वीडियो कांफ्रेंस के जरिये कर सकते हैं. इसके साथ ही दिल्ली मेट्रो पड़ोसी राज्य हरियाणा में फरीदाबाद (वॉयलट लाइन) और गुरुग्राम (यलो लाइन) के बाद तीसरे शहर बहादुरगढ़ में अपनी मौजूदगी दर्ज करा देगी.
उच्च पदस्थ सूत्रों के अनुसार मोदी वीडियो कॉन्फ्रेसिंग के जरिये इस मेट्रो सेवा का उद्घाटन करेंगे. मेट्रो प्रबंधन की ओर से बताया गया कि केन्द्रीय आवास, शहरी मामलों के राज्यमंत्री हरदीप सिंह पुरी और हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल की मौजूदगी में झज्झर जिले में बहादुरगढ़ के सिटी पार्क स्टेशन से मेट्रो सेवा का उद्घाटन किया जायेगा. इसके बाद इस खंड पर शाम 4 बजे से जनता के लिए मेट्रो सेवा शुरु हो जाएगी.
उल्लेखनीय है कि बहादुरगढ़ सिटी पार्क से मुंडका तक सात मेट्रो स्टेशन हैं. इसके साथ ही ग्रीन लाइन का विस्तार इंद्रलोक से मुंडका तक हो जायेगा. इस लाइन पर आठ मिनट के अंतराल पर मेट्रो रेल सेवा मुहैया कराने के लिये 20 मेट्रो रेल फेरे लगायेंगी. मेट्रो रेल का यह खंड पूरी तरह से एलेवेटिड है और इस पर यात्री इंद्रलोक से 50 मिनट में बहादुरगढ़ सिटी पार्क पहुंच सकेंगे.इस खंड के शुरू हो जाने से दिल्ली मेट्रो के मार्ग का विस्तार 208 मेट्रो स्टेशनों के साथ 288 किमी हो जाएगा.
No comments:
Post a Comment