READ MORE
जस्टिस जे चेलमेश्वर के रिटायरमेंट के दो दिन बाद सुप्रीम कोर्ट ने मामलों के आवंटन के लिए रविवार को नया रोस्टर जारी किया. यह रोस्टर दो जुलाई से प्रभावी होगा. ग्रीष्मकालीन अवकाश के बाद न्यायालय का नियमित कामकाज दो जुलाई से शुरू होगा.एक फरवरी को अधिसूचित पिछले रोस्टर की तरह नए रोस्टर में कहा गया है कि प्रधान न्यायाधीश (सीजेआई) दीपक मिश्रा की अध्यक्षता वाली पीठ सभी जनहित याचिकाओं, सामाजिक न्याय, चुनाव, बंदी प्रत्यक्षीकरण और अदालत की अवमानना से जुड़ी याचिकाओं पर सुनवाई करेगी.
22 जून को जस्टिस चेलमेश्वर की सेवानिवृति के बाद सीजेआई के बाद सबसे सीनियर जस्टिस रंजन गोगोई होंगे. वह श्रम कानूनों, अप्रत्यक्ष करों, पर्सनल लॉ और कंपनी कानून से जुड़े मामलों की सुनवाई करेंगे.
जस्टिस चेलमेश्वर, गोगोई, एम बी लोकुर और कुरियन जोसेफ ने 12 जनवरी को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सीजेआई पर मामलों के आवंटन में गड़बड़ी के आरोप लगाए थे. इसके बाद एक फरवरी को पहली बार सुप्रीम कोर्ट का रोस्टर सार्वजनिक किया गया था.अधिसूचना में उन मामलों की सूची है जिनकी सुनवाई प्रधान न्यायाधीश और 10 अन्य न्यायाधीशों- गोगोई, लोकुर, जोसेफ, ए के सीकरी, एस ए बोबडे, एन वी रमण, अरुण मिश्रा, ए के गोयल, आर एफ नरीमन और ए एम सप्रे की पीठों की तरफ से की जाएगी.
जस्टिस लोकुर की अध्यक्षता वाली पीठ को सेवा, सामाजिक न्याय, पर्सनल लॉ, भूमि अधिग्रहण, खदान एवं खनिज, उपभोक्ता संरक्षण और सशस्त्र एवं अर्धसैनिक बलों से जुड़े मामलों की सुनवाई की जिम्मेदारी दी गई है. वह पारिस्थितिकीय असंतुलन , वन संरक्षण , वन्यजीव संरक्षण , पेड़ों की कटाई और भूजल स्तर से जुड़े मामलों की भी सुनवाई करेंगे.
जस्टिस जोसेफ की पीठ को श्रम कानूनों , किराया कानून , पारिवारिक कानून , अदालत की अवमानना और पर्सनल लॉ के मामले दिए गए हैं. वह धार्मिक एवं परमार्थ दान के अलावा सभी भूमि कानूनों एवं कृषि काश्तकारियों के मामलों की भी सुनवाई करेंगे.
सुप्रीम कोर्ट के पांच सदस्यीय कोलेजियम के नए सदस्य जस्टिस सीकरी की पीठ प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष करों , चुनाव एवं आपराधिक मामलों , पर्सनल लॉ , अदालत की अवमानना , सामान्य दीवानी मामलों और विधि अधिकारियों की नियुक्ति के मामलों की सुनवाई करेगी.
इन पांच शीर्ष न्यायाधीशों के अलावा नए रोस्टर में पीठ की अध्यक्षता करने वाले छह अन्य न्यायाधीशों द्वारा सुने जाने वाले मामलों की भी सूची है.
Article source: http://khabar.ibnlive.com/news/desh/rio-olympics-narendra-modi-run-for-rio-502698.html
No comments:
Post a Comment