Wednesday, 27 December 2017

कोहली ने कहा, शादी करना ज़्यादा ज़रूरी था


READ MORE

भारतीय कप्तान विराट कोहली के लिए एक क्रिकेट सीरीज़ की तुलना में शादी करना ‘अधिक महत्वपूर्ण’ था और उन्होंने कहा कि तीन सप्ताह के आराम से दक्षिण अफ्रीका के आने वाले दौरे के लिए उनकी तैयारियां पर असर नहीं पड़ा.भारतीय कप्तान ने श्रीलंका के खिलाफ सीमित ओवरों की सीरीज़ में हिस्सा नहीं लिया. इस बीच वह इटली के टस्कान में एक निजी समारोह में बॉलीवुड अभिनेत्री अनुष्का शर्मा से शादी के बंधन में बंधे.


साल 2017 में 11 शतकों की मदद से 2818 रन बनाने वाले कोहली की अगुवाई में भारतीय टीम बुधवार रात दक्षिण अफ्रीका रवाना हो गई. वहां तीन टेस्ट मैचों की सीरीज़ पांच जनवरी से शुरू होगी.


कोहली से पूछा गया कि शादी के समारोहों के बाद क्रिकेट में वापसी करना कितना मुश्किल होगा, उन्होंने कहा, “किसी भी तरह से मुश्किल नहीं. मैं कुछ अन्य काम (शादी) की वजह से बाहर था जो कि अधिक महत्वपूर्ण था. वह ऐसा समय था जो हम दोनों के लिए हमेशा खास रहेगा.”उन्होंने कहा, “फिर क्रिकेट में लौटना किसी भी तरह से मुश्किल नहीं होगा क्योंकि यह मेरे खून में है जैसे कि टीम के किसी अन्य सदस्य या फिर टीम प्रबंधन के लिए है. इसलिए पेशेवर मोर्चे पर वापसी करना किसी भी तरह से मुश्किल नहीं है.”


कोहली और अनुष्का ने 11 दिसंबर को इटली में शादी के बाद नई दिल्ली और मुंबई में दो पार्टियां आयोजित की जिसमें बॉलीवुड और राजनीतिक जगत की मशहूर हस्तियों ने शिरकत की. इससे ठीक पहले कोहली ने श्रीलंका के खिलाफ तीन टेस्ट मैचों की सीरीज़ में 610 रन बनाए. उन्होंने कहा कि ब्रेक के दौरान भी वह दक्षिण अफ्रीका के कड़े दौरे के लिए तैयारियां करते रहे.


कोहली ने कहा, “मैंने पिछले तीन सप्ताह में कुछ नहीं किया. आप कहीं न कहीं यह सोच रहे होते हो कि आगे कुछ महत्वपूर्ण होगा और इस तरह से आप उसकी तैयारियां करते रहते हो. इसलिए मानिसक तौर पर मैं अच्छी तरह से तैयार हूं.”


ये भी पढ़ें:


VIDEO: विराट-अनुष्का के रिसेप्शन में डांस फ्लोर पर पंड्या भाइयों ने मारी बाज़ी


विराट-अनुष्का के रिसेप्शन पर कुंबले पर थीं सबकी निगाहें, जानें क्यों

No comments:

Post a Comment