READ MORE
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने तिरुपति में सोमवार को एक विशाल जनसभा को संबोधित किया. इस रैली में उन्होंने पीएम मोदी पर जमकर निशाना साधा और उनके पुराने वीडियो दिखाकर उनपर जमकर हमला बोला.चंद्रबाबू नायडू ने कहा कि पीएम ने 2014 में वादा किया था कि वे आंध्र प्रदेश को विशेष राज्य का दौरा देंगे लेकिन आज तक ऐसा कुछ भी नहीं हुआ. तेलुगू देशम पार्टी (टीडीपी) ने यह रैली पीएम मोदी की सरकार को उनके किए वादे को याद दिलाने कि लिए की है.
टीडीपी के अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि मोदी ने प्रधानमंत्री उम्मीदवार के रूप में भगवान वेंकटेश्वरा के सामने जो वादे किए थे, उसे उन्होंने पूरा नहीं किया. इसी स्थान पर प्रधानमंत्री उम्मीदवार के रूप में मोदी ने चार वर्ष पहले एक जनसभा को संबोधित किया था.
नायडू ने रैली में पीएम मोदी का वीडियो क्लिप दिखाई जिसमें मोदी एम. वेंकैया नायडू की इस बात के लिए प्रशंसा कर रहे हैं कि उन्होंने तत्कालीन संप्रग सरकार से विशेष दर्जे का वादा करवा लिया. नायडू मोदी के भाषण का तेलुगू में अनुवाद कर रहे थे. उसके बाद उन्होंने जनसमूह से कहा कि सत्ता में आने के बाद वह इस वादे को पूरा करेंगे.
नायडू ने एक अन्य चुनावी जनसभा में मोदी के भाषण की वीडियो क्लिप दिखाई. इसमें मोदी ने जनता को भरोसा दिया है कि सत्ता में आने के बाद वह राज्य की नई राजधानी इस तरह बनाएंगे कि राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली भी उसके आगे छोटी दिखेगी. उन्होंने जनसमूह को मोदी के भाषण का एक और वीडियो दिखाया, जिसे उन्होंने अमरावती में 22 अक्टूबर, 2015 को नई राजधानी की आधारशिला रखे जाने के बाद दिया था. सभा में मोदी ने संकल्प लिया था कि आंध्र प्रदेश पुनर्गठन अधिनियम में किए गए सभी वादों को पूरा किया जाएगा.
नायडू ने 2014 के चुनाव प्रचार अभियान के दौरान मोदी द्वारा किए गए वादों को याद दिलाते हुए जनसमूह से बार-बार पूछा कि “क्या यह धोखा नहीं है?”
विशेष दर्जे की मांग पर किसी तरह के समझौते की बात नकारते हुए नायडू ने घोषणा की कि टीडीपी अपनी लड़ाई जारी रखेगी. उन्होंने कहा कि टीडीपी राज्य हित में राजग में शामिल हुई थी. 2014 में राज्य के बंटवारे के समय जो वादे किए गए थे, उसे हासिल करने के लिए तेदेपा ने हमेशा लड़ाई लड़ी है.
गौरतलब है कि टीडीपी राज्य को विशेष दर्जा देने से सरकार के इंकार के बाद मार्च में राजग से अलग हो गई थी.
(इनपुट आईएएनएस)
ये भी पढ़ेंः
नौटंकी करते हैं राहुल गांधी, ‘ड्रामा कंपनी’ है कांग्रेस: अनंत हेगड़े
येदियुरप्पा की जीत पक्की, लेकिन इन सीटों पर बीजेपी की हालत खराब
No comments:
Post a Comment