READ MORE
डोकलाम विवाद को लेकर नरेंद्र मोदी सरकार को घेरने के एक दिन बाद कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी अब खुद वहां के हालात का जायजा लेने जाएंगे. दरअसल सूत्रों ने बताया, कांग्रेस सांसद शशि थरूर की अध्यक्षता वाली विदेश मामलों पर संसद की स्थायी समिति अगले महीने सिक्किम और अरुणाचल प्रदेश के सीमावर्ती इलाकों का दौरा करेगी. सूत्रों के मुताबिक इस समिति में खुद राहुल गांधी भी शामिल है. प्राप्त जानकारी के मुताबिक, समिति के सदस्य डोकलाम संकट के बाद वहां के हालात का जायजा लेंगे.बता दें कि भारत-भूटान-चीन सीमा पर स्थित डोकलाम में सड़क बना रही चीनी सेना को पिछले साल 16 जून में भारतीय जवानों से रोक दिया था. इसके बाद से दोनों देशों के सैनिकों के बीच 73 दिनों तक गतिरोध बना रहा था.
ऐसे में संसद की यह समिति डोकलाम में भारत-चीन सैन्य गतिरोध के विभिन्न पहलुओं को देख रही है. वहीं एक सूत्र ने बताया कि यह समिति सिक्किम और अरुणाचल प्रदेश में चीन से सटी सीमा पर हालात का जायजा लेने और जमीनी हकीकत को देखने के लिए दोनों राज्यों का दौरा करेगी.’
वहीं एक अन्य सूत्र ने बताया कि इन दो राज्यों में भारत-चीन सीमा पर स्थिति का खुद जायजा लेने का विचार है. सूत्रों ने बताया कि समिति स्थिति का मुआयना करने के लिए हेलीकॉप्टर का भी इस्तेमाल कर सकती है. समिति वहां तैनात शीर्ष सुरक्षा और रक्षा अधिकारियों से भी रूबरू हो सकती है.इससे पूर्व विदेश मंत्रालय के अधिकारियों ने 31 सदस्यीय संसदीय समिति को सूचित किया था कि भूटान इस मुद्दे पर भारत के साथ मजबूती से खड़ा है. सूत्रों ने बताया था कि विचार-विमर्श के दौरान कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने विदेश मंत्रालय के अधिकारियों से सवाल किया था कि चीन ने टकराव के लिए डोकलाम को ही क्यों चुना और इसके पीछे बीजिंग का मकसद क्या है.
राहुल ने डोकलाम के पास चीन की व्यापक निर्माण गतिविधियों से जुड़ी खबरों के बारे में भी पूछा था, जिस पर अधिकारियों ने जवाब दिया था कि भारतीय क्षेत्र में ऐसा कुछ भी नहीं हुआ है.
Article source: http://khabar.ibnlive.com/news/khel/indian-cricketer-ms-dhoni-mahendra-singh-dhoni-lava-mobile-company-dhoni-advertisement-for-lava-468567.html
No comments:
Post a Comment