Sunday, 29 April 2018

कर्नाटक चुनावः कुमारस्वामी का दावा- जनता मुझे किंग बनाएगी किंगमेकर नहीं


READ MORE

जेडी-एस के सीएम पद के उम्मीदवार एचडी कुमारस्वामी ने कहा है कि कर्नाटक की जनता उन्हें किंगमेकर नहीं बल्कि किंग बनाएगी. कुमारस्वामी कर्नाटक चुनाव में सबसे सबसे अमीर प्रत्याशी हैं. बता दें कि पिछले दिनों आए ओपिनियन पोल्स में कहा गया था कि कर्नाटक में एक त्रिशंकु विधानसभा बनेगी और जेडी-एस किंगमेकर बनकर उभरेगी. इसी संबंधित एक सवाल के जवाब में उन्होंने यह बात कही.कुमारस्वामी कर्नाटक के सीएम रह चुके हैं, उन्होंने विश्वास जताया कि जेडी-एस अपने बलबूते सत्ता में आयेगी. वह लोगों से अपील कर रहे हैं कि उनकी पार्टी को मौका दें क्योंकि राज्य में भाजपा और कांग्रेस दोनों ही सरकारों का प्रदर्शन संतोषजनक नहीं रहा है.


कुमारस्वामी ने कहा,‘‘मुझे पूरा भरोसा है कि हमें बहुमत मिलेगा और हमारी सरकार बनेगी. इसे लेकर मुझे जरा भी संदेह नहीं है.’’ (पढ़ेंः कर्नाटक चुनाव के बाद कैलाश मानसरोवर जाएंगे राहुल, मांगी 10-15 दिन की छुट्टी)


कर्नाटक की 225 सदस्यीय विधानसभा के लिए 12 मई को चुनाव होने हैं. नतीजे 15 मई को आएंगे. कुमारस्वामी ने कहा कि उनका लक्ष्य 113 सीटों पर जीत हासिल करने का है. उन्होंने कहा ,‘‘ मैं 113 सीटों का लक्ष्य तय कर रहा हूं. मैंने रणनीतिक रूप से तैयारियां की हैं, जो 113 के आंकड़े तक पहुंचने के लिए जरूरी हैं. इसलिए मेरी राय है कि मैं अपने लक्ष्य तक पहुंचने में सफल हो जाऊंगा. मुझे विश्वास है कि जनता मुझे सफल बना देगी.’’एक सवाल के जवाब में कुमारस्वामी ने कहा कि उनकी कैल्कुलेशन के अनुसार जेडी-एस को 97-105 सीटें आराम से मिल जाएंगी. उन्होंने कहा कि वह और उनकी टीम बाकी की सीटों के लिए मेहनत कर रही है. (पढ़ेंः कर्नाटक के दंगल में 2655 उम्मीदवार आजमाएंगे अपनी किस्मत)


जेडी-एस नेता ने स्वीकार किया कि आगामी विधानसभा चुनाव उनकी पार्टी के लिए अस्तित्व की लड़ाई है क्योंकि पार्टी पिछले 10 सालों से सत्ता से बाहर है.


कुमारस्वामी ने कहा,‘‘ हम अपने स्वार्थ के लिए सत्ता में नहीं आना चाहते. पिछले दस सालों में भाजपा और कांग्रेस ने कई समस्याएं खड़ी की हैं. मैं इन्हे दूर करना चाहता हूं. इसके लिए कर्नाटक को सुशासन की बहुत अधिक आवश्यकता है.’’


कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने जेडी-एस पर आरोप लगाया था कि वह बीजेपी की बी टीम है. इस पर कुमारस्वामी ने कहा कि उन्हें लगता है कि सिद्धारमैया बीजेपी की बी टीम हैं.


 


No comments:

Post a Comment