Saturday, 28 April 2018

राहुल की जन आक्रोश रैली आज, इन मुद्दों पर सरकार को घेरेगी कांग्रेस


READ MORE

कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी रविवार को दिल्ली के रामलीला मैदान में एक जनसभा को संबोधित करेंगे. कांग्रेस अध्यक्ष पद संभालने के बाद राजधानी दिल्ली में राहुल की यह पहली रैली होगी. यह रैली कर्नाटक चुनाव से ठीक पहले हो रही है. कर्नाटक में 12 मई को वोटिंग होनी है. इस रैली में राहुल केंद्र की भाजपा सरकार पर ‘अधूरे वादों और बांटने वाली राजनीति’ को लेकर हमला करेंगे.गांधी कुशासन, भ्रष्टाचार, बेरोजगारी, आर्थिक स्थिति, महिलाओं के खिलाफ अपराध, दलितों एवं न्यायपालिका पर हमलों और सामाजिक अशांति जैसे मुद्दों पर जनता के आक्रोश को आवाज देने का प्रयास करेंगे. माना जा रहा है कि इस रैली को सोनिया गांधी, पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह समेत पार्टी के शीर्ष नेता संबोधित कर सकते हैं.


रैली को लेकर राहुल ने शनिवार को ट्वीट किया, ‘‘मोदी सरकार के चार सालों में युवाओं को रोजगार नहीं मिला, महिलाओं को सुरक्षा नहीं मिली, किसानों को अपने फसल की वाजिब कीमत तथा दलितों और अल्पसंख्यकों को उनके अधिकार नहीं मिले.’’ उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपना असंतोष और आक्रोश व्यक्त करने के लिए रैली में शामिल हों.


कांग्रेस महासचिव अशोक गहलोत ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘आक्रोश समाज के सभी वर्गों गरीब, वृद्ध, युवा, किसान, महिलाओं में है. इसलिए नाम जन आक्रोश रैली है.’’ उन्होंने कहा कि राहुल गांधी, सोनिया गांधी और मनमोहन सिंह कांग्रेसियों को संबोधित करेंगे और भाजपा को सत्ता से हटाने के लिए एकजुट होने का आह्वान करेंगे जो कि समाजिक अशांति उत्पन्न कर रही है और समाज को बांट रही है.’’


कांग्रेस नेता ने आगे कहा, “लड़ाई की रविवार को शुरुआत होगी. एक नयी क्रांति शुरू होगी. जनता के लिए, संघर्ष के लिए. कांग्रेसी कार्यकर्ता इस संदेश को प्रसारित करने के लिए देश के कोने-कोने में जाएंगे. ’’


सुरजेवाला ने कहा कि कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष, सीएलपी नेता, मुख्यमंत्री, पूर्व मुख्यमंत्री, सांसद और विधायक रैली में मौजूद रहेंगे. उन्होंने कहा, ‘‘यह देश और कांग्रेस के लिए एक ऐतिहासिक दिन होगा. भारत में राजनीति को परिवर्तित करने के लिए एक नये युग की शुरूआत होगी. ’’ उन्होंने कहा कि पूरा भारत ‘‘ भ्रष्टाचार, बैंक घोटालों, राफेल घोटाले, बड़े पैमाने पर बेरोजगारी और दिन पर दिन जिस तरीके से व्यापार नीचे जा रहा है ’’ उसको लेकर आक्रोशित है.


सुरजेवाला ने कहा, ‘‘ मोदीजी के शासन में चारों ओर नफरत है. लोग दलितों, आदिवासियों और पिछड़ों के खिलाफ अत्याचारों को लेकर नाराज हैं. न्यापालिका पर हमला हो रहा है.’’


Article source: http://feedproxy.google.com/~r/ndtvkhabar/~3/YRbkzZlJhCE/story01.htm

No comments:

Post a Comment