READ MORE
चार लोकसभा और 10 विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव के नतीजों में भारतीय जनता पार्टी (BJP) के सामने विपक्ष दल एकजुट नज़र आई. उपचुनाव के बाद अब 2019 में होने वाले लोकसभा चुनाव को लेकर भी विपक्ष अभी से रणनीति तैयार कर रही है. समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने केंद्र की मोदी सरकार के खिलाफ विपक्ष की लामबंदी शुरू कर दी है. अखिलेश ने लोकसभा चुनाव 2019 के लिए सभी विपक्षी दलों को महागठजोड़ करने की अपील की है. अखिलेश ने 2019 की चुनावी लड़ाई में मोदी के खिलाफ कांग्रेस के साथ मिलकर ज्वॉइंट कैंडिडेट्स खड़ा करने का प्रस्ताव भी दिया. हालांकि, कांग्रेस ने फिलहाल इस प्रस्ताव पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है.उपुचनावों में विपक्षी एकजुटता के सकारात्मक नतीजों से उत्साहित कांग्रेस ने महागबंधन को और मजबूत करने पर जोर दिया है. कांग्रेस के प्रवक्ता अभिषेक मनु सिंघवी ने शुक्रवार को कहा कि 2019 की लड़ाई के मद्देनज़र हमारी पार्टी की कोशिश होगी कि विपक्षी एकता और ताकतवर हो. हर जगह मकसद यही होगा कि बीजेपी विरोधी मतों का बंटवारा नहीं हो.
हालांकि, अखिलेश यादव के प्रस्ताव पर कांग्रेस प्रवक्ता सिंघवी ने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी. सिंघवी ने कहा कि इस बारे में कुछ भी कहना बहुत जल्दबाजी होगी. 2019 के चुनाव में वाराणसी में मोदी के खिलाफ ज्वॉइंट कैंडिडेट उतारना है या नहीं, इसका फैसला सभी दलों को मिलकर करना है.
बता दें कि उपचुनाव में बीजेपी के प्रदर्शन को लेकर अखिलेश यादव ने मोदी और भगवा पार्टी (बीजेपी) पर निशाना साधा है. अखिलेश यादव ने कहा,‘‘इन उपचुनावों में पश्चिमी उत्तर प्रदेश में जो सामाजिक सामंजस्य नज़र आया वह अभूतपूर्व था. सभी एकजुट नज़र आए. बीजेपी ने इस सोशल ‘केमिस्ट्री’ को बिगाड़ने की बहुत साजिशें की, लेकिन इससे उनका ‘अर्थमैटिक’ भी बुरी तरह बिगड़ गया.”
दरअसल, हाल ही में लोकसभा और विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव में विपक्षी दलों की ताकत के आगे बीजेपी जूझती नजर आई है. कई सीटों पर विपक्षी दलों के ज्वॉइंट कैडिडेट ने बीजेपी के उम्मीदवार को शिकस्त दी है. यूपी की कैराना लोकसभा सीट और नूरपुर विधानसभा सीट के नतीजे इसके उदाहरण हैं. कैराना में जहां आरएलडी के ज्वॉइंट कैंडिडेट ने बीजेपी उम्मीदवार को करारी शिकस्त दी, वहीं नूरपुर में समाजवादी पार्टी के ज्वॉइंट कैंडिडेट ने बीजेपी प्रत्याशी को हराया है.
इसके पहले सपा-बसपा के ज्वॉइंट कैंडिडेट्स ने गोरखपुर और फूलपुर में बीजेपी उम्मीदवारों को मात दी थी. गोरखपुर की सीट यूपी के मौजूदा सीएम योगी आदित्यनाथ और फूलपुर की सीट डिप्टी सीएम केशव चंद्र मौर्या की सीट थी.
Article source: http://feedproxy.google.com/~r/ndtvkhabar/~3/PGlJusbe8iE/story01.htm
No comments:
Post a Comment