Saturday, 2 June 2018

IPL बेटिंग से लेकर अरबाज खान के कुबूलनामे तक, जानिए मामले में अब तक क्या हुआ


READ MORE

फिल्म अभिनेता और निर्माता अरबाज खान ने शनिवार को ठाणे क्राइम ब्रांच के सामने आईपीएल सट्टेबाजी में शामिल होने की बात स्वीकार कर ली है. क्राइम ब्रांच ने एक दिन पहले ही खान को समन जारी किया था. सट्टेबाजी के जिस रैकेट से अरबाज खान का नाम जुड़ा है वह 2016 से सक्रिय था. हालांकि इसका खुलासा इस साल के आईपीएल मैचों में हुई सट्टेबाजी के चलते हुआ.अरबाज खान ने शनिवार को क्राइम ब्रांच को बताया कि वह शौकिया तौर पर सोनू जालान से बेट लगाने के लिए कहते थे. उनके बीच पैसों का कभी लेन-देन नहीं हुआ. क्राइम ब्रांच ने अरबाज खान और सोनू जालान को आमने-सामने बैठाकर पूछताछ किया. इस दौरान सामने आया कि जब भी अरबाज सोनू जालान से बेट लगाने के लिए कहते तो जालान उसे अपनी डायरी में नोट कर लेता. इस बारे में उसने अरबाज को बताया था लेकिन अरबाज खान की तरफ से कभी भी पैसों का लेन-देन नहीं हुआ.


पढ़ेंः अरबाज खान ने कहा- 6 साल से आईपीएल में लगा रहा सट्टा, हार चुका हूं 2.75 करोड़


क्राइम ब्रांच ने बताया कि सोनू जालान अरबाज खान को फंसाकर पैसे निकालने की कोशिश कर रहा था. वह अरबाज से जुबानी बेट लेता था, उसे अपनी डायरी में नोट करता था लेकिन उसे कभी फॉरवर्ड नहीं करता था. वह अरबाज से झूठ बोलकर पैसे मांगता था कि वह बेट हार गए हैं. जब अरबाज ने पैसे देने से मना कर दिया तो सोनू अरबाज को धमकाने लगा था.मामले में अब तक क्या हुआ?


इस साल आईपीएल मैचों में बेट लगाने वाले तीन लोगों गौतम सावला, निखिल संपत और नितिश पुंजानी को 18 मई को मुंबई के डोम्बिवली से गिरफ्तार किया गया. सावला और संपत डोम्बिवली के रहने वाले हैं जबकि पुंजानी ठाणे का रहने वाला है.


इसके बाद 25 मई को खुशल खिमजी उर्फ रामभिया को गिरफ्तार किया गया. वह सट्टेबाजों को मोबाइल फोन और लैपटॉप उपलब्ध कराता था. इसके बाद 28 मई को पुलिस ने मुख्य आरोपी व्रजेश जोशी को मुंबई से गिरफ्तार किया. जोशी ने ऑनलाइन रैकेट के लिए सॉफ्टवेयर तैयार किया था.


हालांकि पुलिस को बड़ी सफलता 29 मई को हाथ लगी जब उसने देश के टॉप बुकी सोनू जालान उर्फ सोनू बाटला उर्फ सोनू मलाड को कल्याण कोर्ट के बाहर गिरफ्तार किया. पुलिस की जांच में सामने आया कि सोनू के अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम का करीबी है.


सोनू ने अरबाज खान के कथित तौर पर रैकेट से जुड़े होने की सूचना पुलिस को दी. इसके बाद पुलिस ने सोनू के मलाड स्थित घर से लैपटॉप, डायरी और फोन जब्त किए. वहीं पुलिस उसके सोशल मीडिया अकाउंट्स भी खंगाल रही है.


पुलिस ने सोनू जालान से मिली जानकारी के आधार पर 1 जून को अभिनेता-निर्माता अरबाज खान को पूछताछ के लिए समन जारी किया. दो जून को अरबाज ठाणे एंटी-एक्सटॉर्शन सेल के सामने पेश हुए. पूछताछ में अरबाज खान ने सट्टे में शामिल होने और 2.75 करोड़ रुपये हारने की बात स्वीकार की है.


Article source: http://feedproxy.google.com/~r/Khabar-Cricket/~3/XuB9WyZf4hY/story01.htm

No comments:

Post a Comment