READ MORE
आईपीएल का खुमार भले ही लोगों के सिर से उतर गया हो, लेकिन सट्टेबाजी का मामला गर्म हो गया है. ठाणे पुलिस की क्राइम ब्रांच ने आईपीएल सट्टेबाजी मामले में बुकी सोनू जालान को गिरफ्तार किया है. सोनू जालान के बयान के आधार पर ही पुलिस ने अभिनेता अरबाज खान को समन जारी किया था.सोनू जालान सट्टेबाजी में देश में बड़ा नाम है. उसकी गिनती देश के टॉप मैच सट्टेबाजों में होती है. आइए जानते हैं कि सोनू जालान कौन है…
मलाड निवासी 42 साल का सोनू जालान करीब एक दशक से सट्टेबाजी रैकेट चला रहा है. सोनू के खिलाफ सट्टेबाजी के करीब 6 मामले दर्ज हैं. जिनमें से चार मामलों में उसे बेल मिल चुकी है. लेकिन हाल ही में एक अदालत ने उसके खिलाफ एक गैर जमानती वारंट जारी किया है. इस मामले में अब तक 6 लोगों के गिरफ्तारी हो चुकी है.
दाऊद का करीबी है सोनूपुलिस के मुताबिक, सोनू दाऊद इब्राहिम का करीबी है. वह पाकिस्तान और सउदी अरब में रहकर क्रिकेट में सट्टेबाजी करता है. पुलिस ने सोनू को कल्याण कोर्ट से तब गिरफ्तार किया गया था, जब वह इसी केस में एक आरोपी से मिलने आया था. सूत्रों के मुताबिक, डी कंपनी के लिए काम करने वाले सोनू ने दो क्रिकेट मैच फिक्स किए थे.
2013 आईपीएल सट्टेबाजी रैकेट का किंग था जालान
जालान 2013 आईपीएल सट्टेबाजी रैकेट का मुख्य खिलाड़ी था, जिसमें पूर्व क्रिकेटर एस श्रीसंत मुख्य आरोपी थे और उन्हें गिरफ्तार किया गया था. जालान के सट्टेबाजी के तार पाकिस्तान से लेकर गल्फ देशों तक फैला हुआ है.
आईपीएल घोटाला मामले में 10 साल पहले भी हुई थी गिरफ्तारी
करीब 10 साल पहले आईपीएल घोटाले का मामला सामने आया था और इसमें सोनू को गिरफ्तार किया गया था. आईपीएल मैच में सट्टा लगाने के आरोप में 2012 में मुंबई अपराध शाखा ने भी गिरफ्तार किया था.
10वीं फेल सोनू जालान
10वीं फेल सोनू जालान के मुंबई की एक बहुमंजिला इमारत में तीन आलीशान फ्लैट किराए पर हैं. इसके साथा ही सोनू के पास कई महंगी लग्जरी गाड़ियां और पूरे भारत में कई जगह प्रॉपर्टी भी है और उसने कई बेनामी संपत्तियों में भी निवेश किया है.
हर मैच में 10 से 12 करोड़ रुपए
आलीशान जिंदगी जीने वाला सोनू जालान करीब 3500 बुकी से संपर्क में रहकर हर मैच में 10 से 12 करोड़ रुपए तक कमाता था.
इन देशों में फैला रखा है सिंडीकेट
जांच टीम में शामिल पुलिस इंस्पेक्टर प्रदीप शर्मा के मुताबिक, सट्टेबाजी रैकेट से सोनू जालान का सालाना टर्नओवर करीब 100 करोड़ है. जालान के नाम पर कई मामले दर्ज हैं. पाकिस्तान, अफगानिस्तान, सउदी अरब, दक्षिण अफ्रीका समेत कई देशों में उसका सिंडीकेट है. वहीं, भारत में अहमदाबाद, दिल्ली, जयपुर, कोलकाता, चंडीगढ़ में उसका गैंग एक्टिव है.
बता दें कि सट्टेबाजी के मामले में नाम सामने आने के बाद सलमान खान के भाई और बॉलीवुड एक्टर अरबाज़ खान ने ठाणे एंटी एक्सटॉर्शन सेल में अपना बयान दर्ज करा दिया है. इस दौरान अरबाज ने कई अहम खुलासे भी किए हैं.
ब्लैकमेल कर रहा था सोनू जालान
एंटी एक्सटॉर्शन सेल के मुताबिक, सोनू जालान ने कई बॉलीवुड सेलिब्रिटीज के बेटिंग के पैसे आईपीएल में लगाए थे और मुनाफा भी कमाया था. साथ ही कई बॉलीवुड सेलिब्रिटीज को ब्लैकमेल कर रहा था कि अगर सोनू जालान को पैसे नहीं मिले, तो सोशल मीडिया पर उन बॉलीवुड सेलिब्रिटी के नामों को स्टिंग किए गए वीडियोज के साथ एक्सपोज़ कर देगा.
ठाणे एंटी एक्सटॉर्शन सेल के मुताबिक, अभिनेता अरबाज खान ने सोनू जालान के जरिये कुछ समय पहले बेटिंग की थी और करोड़ों रुपये हार गए थे. बुकी सोनू जालान इन पैसों की वसूली के लिए लगातार अरबाज़ खान को ब्लैकमेल कर रहा था.
Article source: http://feedproxy.google.com/~r/Khabar-Cricket/~3/XuB9WyZf4hY/story01.htm
No comments:
Post a Comment