READ MORE
पाकिस्तान की जेल में बंद कुलभूषण जाधव से मिलने पहुंचीं उनकी पत्नी और मां के जूते और आभूषण उतारे जाने को लेकर मचे हंगामे के बाद अब पाकिस्तान ने दावा किया है कि जब भारतीय कैदी कुलभूषण जाधव की पत्नी विदेश कार्यालय पहुंचीं तो उनकी जूतियों में ‘धातु की वस्तु’ पाई गई.‘डॉन’ समाचार पत्र की एक रिपोर्ट में कहा गया है कि विदेश कार्यालय ने पुष्टि की है कि जूतियों में ‘धातु की वस्तु’ पाई गई. इसे भारतीय कैदी के साथ मुलाकात से पहले सुरक्षा अधिकारियों ने रख लिया. एक वक्तव्य में पाकिस्तान ने मंगलवार रात भारत के उन दावों को ‘निराधार’ बताकर खारिज कर दिया था, जिसमें कहा गया था कि जाधव की पत्नी और मां को प्रताड़ित किया गया. पाक ने दावा किया था कि जाधव की पत्नी की जूतियों को सुरक्षा आधार पर जब्त कर लिया गया क्योंकि उसमें ‘कुछ’ था.
जूतियों की जांच कर रहा पाकिस्तान
विदेश कार्यालय के प्रवक्ता मोहम्मद फैसल ने कहा, ‘‘जूतियों में कुछ था. इसकी जांच की जा रही है. हमने उन जूतियों के बदले में एक जोड़ी दूसरी जूतियां दीं. मुलाकात के बाद उनके सारे जेवरात लौटा दिये गए.’’ उन्होंने कहा कि जाधव की पत्नी को बदले में दूसरी जूतियां दी गईं.पाकिस्तान ने सांस्कृतिक और धार्मिक संवेदनाओं से खेला है
विदेश मंत्रालय ने मंगलवार एक वक्तव्य में कहा कि पाकिस्तान इस हद तक चला गया कि उसने जाधव से मुलाकात से पहले उनकी मां और पत्नी के मंगल सूत्र, चूड़ियां और बिंदी उतरवा ली. भारत ने पाकिस्तान पर सुरक्षा के बहाने परिवार के सदस्यों की सांस्कृतिक और धार्मिक संवेदनाओं का निरादर करने का आरोप लगाया था. वक्तव्य में कहा गया, ‘‘इसमें मंगल सूत्र, चूड़ियां और बिंदी हटाना शामिल है. साथ ही वस्त्र भी बदलवाए गए, जिसकी सुरक्षा के लिए जरूरत नहीं थी.’’
पाकिस्तान ने भारत के अारोपों को किया खारिज
पाक विदेश कार्यालय ने कहा कि पाकिस्तान ‘निरर्थक वाक्युद्ध’ में नहीं पड़ना चाहता है और जाधव से उनकी मां और पत्नी के मुलाकात के दौरान अधिकारियों के रवैये के बारे में भारत के निराधार आरोपों को सिरे से खारिज करता है.
वक्तव्य में कहा गया, ‘‘अपना गुनाह कबूल कर चुके दोषी आतंकवादी और जासूस जाधव की मां और पत्नी के मुलाकात करने के तकरीबन 24 घंटे बाद भारत की ओर से लगाए गए आरोपों और गलतबयानी को साफ तौर पर खारिज किया जाता है.’’ उसमें कहा गया है कि अगर भारत की चिंताएं गंभीर हैं तो अतिथियों या भारतीय डीएचसी (उप उच्चायुक्त) को उन्हें मुलाकात के दौरान मीडिया के सामने उठाना चाहिये था, जो सहज उपलब्ध थी.
शीशे की दीवार के पीछे से पाक ने कराई थी मुलाकात
वक्तव्य में कहा गया, ‘‘हम निरर्थक वाक्युद्ध में नहीं पड़ना चाहते हैं. हमारा खुलापन और पारदर्शिता इन आरोपों को झुठलाती है.’’ गत 25 दिसंबर की मुलाकात की तस्वीरें पाकिस्तान ने जारी की थीं. उसमें जाधव को शीशे की एक दीवार के पीछे बैठा दिखाया गया था जबकि उनकी मां और पत्नी दीवार की दूसरी तरफ बैठी थीं.
उन्होंने इंटरकॉम पर बातचीत की और समूची 40 मिनट की कार्यवाही की लगता है वीडियो रिकॉर्डिंग की गई. जाधव को पिछले साल मार्च में गिरफ्तार किया गया था. जाधव को पाकिस्तान की सैन्य अदालत ने कथित जासूसी के लिये मौत की सजा सुनाई थी. इस आरोप को भारत ने मनगढंत बताकर खारिज किया था.
ये भी पढ़ें
कुलभूषण पर सपा सासंद के विवादित बोल- आतंकी माना तो उसी हिसाब से किया व्यवहार
पाकिस्तानी पत्रकारों ने जाधव की मां और पत्नी को किया टॉर्चर, कहा- कातिल की मां
Article source: https://hindi.news18.com/news/rajasthan/rajsamand/shambulal-regar-the-new-face-of-hindutva-in-poll-bound-rajasthan-1210221.html
No comments:
Post a Comment