READ MORE
रिजर्व बैंक ने कहा है कि उसने पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) घोटाला मामले में छानबीन पूरी कर ली है और मामले में आगे की कार्रवाई को लेकर जांच-परख की जा रही है. करीब 13 हजार करोड़ रुपये के इस घोटाले की जांच विभिन्न एजेंसियां कर रही हैं.सूचना का अधिकार के तहत किये गये एक आवेदन के जवाब में रिजर्व बैंक ने कहा कि वह समय-समय पर बैंकों को उनकी कार्यप्रणाली में निहित परिचालन जोखिमों के प्रबंधन समेत निगरानी संबंधी चिंताओं से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर आवश्यक निर्देश जारी करता रहा है.
पीएनबी घोटाले की जानकारी मिलने के बाद उठाये गये कदम और भविष्य में ऐसी घटनाओं के दोहराए जाने को रोकने के लिए किये गए प्रावधान के बारे में पूछे जाने पर रिजर्व बैंक ने कहा कि सार्वजनिक एवं निजी बैंकों को 20 फरवरी को एक गोपनीय परिपत्र जारी किया गया था. यह परिपत्र स्विफ्ट संबंधी परिचालन नियंत्रण को मजबूत किये जाने तथा समय के अंदरूनी प्रोसेस से जुड़ा था.
एक आरटीआई आवेदन के जवाब में रिजर्व बैंक ने कहा, ‘छानबीन पूरी की जा चुकी है और आगे की कार्रवाई के लिए मामले पर गौर किया जा रहा है.’हालांकि, रिजर्व बैंक ने 20 फरवरी को जारी परिपत्र की अधिक जानकारी देने से इंकार कर दिया. उसने कहा कि इसके खुलासे से देश के आर्थिक हित प्रभावित हो सकते हैं.
रिजर्व बैंक ने कहा कि पीएनबी ने सबसे पहले 29 जनवरी को मुंबई की ब्राडी हाउस शाखा में 280 करोड़ रुपये के घोटाले की सूचना दी थी. इस सूचना को बाद में विभिन्न तारीखों पर संशोधित किया गया.
हालांकि, केंद्रीय बैंक ने घोटाले के संबंध में पीएनबी से मिली जानकारियों की भी विस्तृत जानकारी देने से मना कर दिया.
उसने कहा, ‘विभिन्न जांच एजेंसियों द्वारा मामले की जारी जांच और तीसरे पक्ष के होने के कारण इसका खुलासा नहीं किया जा सकता है.’
No comments:
Post a Comment