Saturday, 23 June 2018

गुजरात: जूनियर की हत्या के आरोप में 10वीं का छात्र गिरफ्तार


READ MORE

गुजरात के वडोदरा में कक्षा 10वीं के एक छात्र को स्कूल में एक जूनियर छात्र की हत्या के सिलसिले में किशोर न्याय कानून के तहत पकड़ा गया है. भारती विद्यालय के बाथरूम में खून से लथपथ 9वीं कक्षा के एक छात्र का शव मिला था. उसके शरीर पर धारदार हथियार से वार के कई निशान मिले थे.पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) आर एस भगोरा ने शुक्रवार को कहा था कि पीड़ित के शरीर पर धारदार चीज से 10 बार वार करने के निशान हैं.


वडोदरा पुलिस आयुक्त मनोज शशिधर ने कहा कि 17 साल के आरोपी बारनपुरा क्षेत्र स्थित उसी स्कूल का छात्र है. उसे शुक्रवार रात दक्षिण गुजरात के वलसाड नगर से पकड़ा गया.


उन्होंने बताया कि किशोर को शहर लाने के लिए यहां से पुलिस की एक टीम वलसाड भेजी गई है.पुलिस ने बताया कि किशोर से पूछताछ की जाएगी जिससे कि कक्षा नौवीं के छात्र की हत्या का कारण का पता लगाया जा सके. उन्होंने बताया कि आरोपी तब जांच के घेरे में आया जब वह सीसीटीवी फुटेज में पीड़ित छात्र के साथ बाथरूम में प्रवेश करते हुए दिखा.


पुलिस ने बताया कि पीड़ित छात्र ने एक सप्ताह पहले ही स्कूल में प्रवेश लिया था और वह यहां पर अपने एक रिश्तेदार के यहां रह रहा था. वहीं उसके अभिभावक गुजरात के आणंद में रहते हैं.


इस बीच गुजरात राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग अध्यक्ष जागृति पंड्या ने कहा कि हिरासत में लिये गए छात्र की मानसिक स्थिति पता की जाएगी जिससे यह पता किया जा सके कि उसने अपने जूनियर की कथित रूप से हत्या क्यों की.


पंड्या ने कहा कि उन्होंने जिला प्रशासन से इस संबंध में एक रिपोर्ट मांगी है.


बता दें कि दिल्‍ली से सटे गुरुग्राम के एक स्‍कूल में मासूम प्रद्युम्‍न की खून से लथपथ लाश इसी तरह बाथरूम में पाई गई थी. यह मामला तब काफी सुर्खियों में रहा था. पुलिस ने शुरू में इस मामले में शक के आधार पर स्कूल बस के ड्राइवर को गिरफ्तार किया था. हालांकि, मामले की जांच के बाद स्कूल के ही एक अन्य छात्र को इस मामले में गिरफ्तार किया गया.


(इनपुट भाषा से)


No comments:

Post a Comment