Thursday, 26 April 2018

मौत का गेट: मानवरहित क्रॉसिंग पर होते हैं 16% हादसे


READ MORE

फरवरी 2005 में नागपुर में कुछ लोग शादी समारोह से लौट रहे थे. जैसे ही बारातियों का ट्रैक्टर एक मानवरहित क्रॉसिंग से गुज़रा, ट्रेन की चपेट में आ गया. इस हादसे में 52 लोगों की मौत हो गई थी. हर साल इन मानव रहित क्रॉसिंग पर मोटर गाड़ियां ट्रेनों की चपेट में आती हैं और एक साथ कई लोगों की जान जाती है. ऐसी ही मानवरहित रेलवे क्रॉसिंग पर कुशीनगर में गुरुवार को हुए हादसे में 13 बच्चों की मौत हुई.देशभर में 30318 रेलवे क्रॉसिंग हैं, जिनमें करीब 25 प्रतिशत यानी 7701 मानवरहित हैं. रेलवे क्रॉसिंगों पर जितनी दुर्घटनाएं होती हैं, उनमें से 16.33 फीसदी इन्हीं मानवरहित रेलवे क्रॉसिंग पर होती हैं. मगर इनसे सबक लेने के बजाय रेलवे ने तीन साल पहले कॉन्ट्रेक्ट पर रखे गए गेट मित्रों को हटा दिया. इन्हें मानवरहित रेलवे क्रॉसिंग पर ही तैनात किया गया था.


रेल मंत्रालय अब अगले दो सालों में मानवरहित रेलवे क्रॉसिंग खत्म करने की बात कह रहा है. रेलवे का कहना है कि वह मानवरहित रेलवे क्रॉसिंग पर आईआईटी की मदद से एक डिवाइस लगाएगा, जो क्रॉसिंग की ओर आ रहे वाहनों को सचेत करेगी कि ट्रेन आने वाली है. वहीं, इसरो के साथ मिलकर सेटेलाइट आाधारित एक डिवाइस लगाने का भी प्लान है. मगर ये सब प्लान हैं. मानवरहित रेलवे क्रॉसिंग अभी भी हैं और अभी भी लोग उन पर कटकर मर रहे हैं.


मानव रहित रेलवे क्रॉसिंग पर अभी तक कहां और कब हुई दुर्घटनाएं अप्रैल 2017- यूपी के भदोही में मानव रहित रेलवे क्रॉसिंग पर 5 लोगों की मौत हो गई थी. कार में सवार लोग बेटी की शादी के पहले तिलक की रस्म करने के लिए मीरजापुर के पखवैया जा रहे थे.


जनवरी 2015- हिसार में मानव रहित रेलवे क्रॉसिंग पर ट्रेन और टाटा मैजिक की टक्कर में 12 लोगों की मौत हो गई.  दुर्घटना के शिकार सभी लोग एक ही परिवार के थे और पीर बाबा की मजार पर मत्‍था टेकने जा रहे थे.


फरवरी 2015- ओडिशा के नुआपाड़ा जिले में मानवरहित रेलवे क्रांसिंग पर यात्री रेलगाड़ी ने एक कार को टक्कर मार दी.  जिससे कार में सवार तीन लोगों की मौत हो गई.


मार्च 2010- उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले में उटारीपुरा के निकट एक मानवरहित रेलवे क्रॉसिंग पर एक ट्रैक्टर ट्रॉली और ट्रेन के बीच भीषण टक्कर हो जाने से कम से कम नौ लोगों की मौत हो गई और कई लोग घायल हो गए थे.


मई 2010: बिहार के मधुबनी जिले में एक मानव रहित रेलवे क्रॉसिंग पर हुए रेल हादसे में कम से कम 16 लोगों की मौत हो गई थी.  इस हादसे में एक पैसेंजर ट्रेन एक वाहन से टकरा गई थी.


फरवरी 2009- ओडिशा के धांगीरा इलाके में एक वैन और रेलगाड़ी की टक्कर होने से 14 लोगों की मौत हो गई.  सभी एक विवाह समारोह से लौट रहे थे और मानवरहित क्रॉसिंग पर वैन अचानक खराब होकर बंद हो गई थी.


फरवरी 2005- नागपुर में शादी समारोह से लौट रहे ट्रैक्टर को तेज रफ्तार रेलगाड़ी ने टक्कर मार दी थी.  इस हादसे में 52 लोगों की मौत हो गई थी.  खास बात है कि यह हादसा मानवरहित रेलवे क्रॉसिंग पर हुआ था.


अप्रैल 2006- तमिलनाडु के कांचीपुरम जिले में थिरुमतपुर के पास मानवरहित क्रॉसिंग पर हुए हादसे में 12 लोगों की मौत हो गई थी और कई अन्‍य घायल हो गए थे.


2014 से 2018 तक हुई दुर्घटनाएं-


2014-15- 50


2015-16- 29


2016-17- 20


2017-18- 10


नोट- वर्ष 2017-18 का ये आंकड़ा फरवरी तक का है.


Article source: http://feedproxy.google.com/~r/ndtvkhabar/~3/Z1YgDnGa4Mk/story01.htm

No comments:

Post a Comment