Wednesday, 25 April 2018

दो महिलाओं का आरोप- आसाराम और उसके बेटे ने सालों तक बंधक बनाकर किया रेप


READ MORE

सोलह साल की लड़की से बलात्कार के मामले में उम्रकैद की सजा पाने वाले 77 वर्षीय आसाराम के खिलाफ बलात्कार का यह कोई एकमात्र मामला नहीं है, बल्कि दो और भी महिलाओं ने आसाराम और उनके बेटे पर इस तरह के आरोप लगा रखे हैं और वे न्याय का इंतजार कर रही हैं. ये दोनों महिला बहनें हैं और उनका मामला गांधीनगर की एक अदालत में लंबित है.सूरत की रहने वाली इन बहनों ने आरोप लगाया था कि आसाराम और उसके बेटे नारायण सांई ने उन्हें बंधक बनाकर रखा और बलात्कार किया.


जोधपुर बलात्कार मामले में आसाराम को जहां सितंबर 2013 में गिरफ्तार किया गया था, वहीं उसके बेटे नारायण सांई को सूरत की रहने वाली इन दोनों महिलाओं की शिकायत पर दिसंबर 2013 में गिरफ्तार किया गया था.


बड़ी बहन ने जहां यह आरोप लगाया था कि आसाराम ने गुजरात के मोटेरा आश्रम में उसके साथ 1997 से 2006 तक बार-बार बलात्कार किया, वहीं छोटी बहन ने आरोप लगाया था कि सांई ने सूरत स्थित एक आश्रम में 2002 से 2005 तक उसका यौन शोषण किया.इनमें से एक बहन ने यह भी आरोप लगाया था कि आसाराम की पत्नी और बेटी भी महिलाओं के यौन शोषण में इन दोनों लोगों की मदद किया करती थीं.


राज्य पुलिस ने 2014 में दायर अपने चार्जशीट में आसाराम के अलावा आरोपियों में उसकी पत्नी लक्ष्मी, बेटी भारती, और चार महिला अनुयायियों-ध्रुवबेन, निर्मला, जस्सी और मीरा का नाम भी लिया था.


सुप्रीम कोर्ट ने इस महीने के शुरू में आसाराम की जमानत याचिका पर सुनवाई रोक दी थी और मामले में सबूत दर्ज करने का काम पूरा करने में देरी करने के लिए गुजरात पुलिस को फटकार लगाई थी और उसे प्रक्रिया को 5 हफ्ते के भीतर पूरा करने का निर्देश दिया था.


शीर्ष अदालत ने पुलिस से मुकदमे की स्थिति के बारे में पूछते हुए कहा था, ‘‘महीनों तक ऐसा नहीं चल सकता है.’’ सरकार ने शीर्ष अदालत को सूचित किया था कि पीड़िताओं का बयान दर्ज कर लिया गया है.


आसाराम के खिलाफ सिर्फ बलात्कार के मामले ही नहीं हैं, बल्कि वह मध्य प्रदेश में 700 करोड़ रुपये मूल्य की जमीन पर कब्जा करने के आरोपों में भी मुकदमे का सामना कर रहा है. मामला मध्यप्रदेश के रतलाम में 200 एकड़ जमीन से संबंधित है.


ये भी पढ़ेंः
सजा सुनते ही फर्श पर बैठकर रोने लगा आसाराम, बिगड़ गई थी तबियत
जेल में कैदी नंबर 130 होगी आसाराम की नई पहचान


 


Article source: http://feedproxy.google.com/~r/ndtvkhabar/~3/apyRwD2-CMI/story01.htm

No comments:

Post a Comment