Thursday, 3 May 2018

मोदी के खिलाफ गठबंधन के लिए कोई 'वेकेंसी' नहीं : पासवान


READ MORE

केन्द्रीय मंत्री राम विलास पासवान ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के खिलाफ किसी गठबंधन की संभावना को गुरुवार को खारिज करते हुए कहा कि 2019 के लोकसभा चुनाव में ऐसे गठबंधन के लिए कोई ‘वेकेंसी’ नहीं है.पासवान से जब गैर भाजपाई दलों द्वारा आम चुनाव से पहले गठबंधन की कोशिशों के बारे में सवाल किया गया तो उन्होंने कहा, ‘नहीं, ऐसा कुछ नहीं है. कोई ‘वेकेंसी’ नहीं है.’ उन्होंने कहा कि क्या कोई राहुल गांधी को स्वीकारने का इच्छुक है. ममता बनर्जी अपना खुद का मोर्चा बना रही हैं. के चंद्रशेखर राव और चंद्रबाबू नायडू अपने मोर्चे बना रहे हैं. कितने मोर्चे होंगे. चुनाव तक ये सभी मोर्चे निष्क्रिय हो जाएंगे और जनता मोदी को वोट देगी.


दलितों के घर पर कुछ बीजेपी नेताओं के रात के भोजन पर निमंत्रण के मामलों पर पासवान ने कहा कि अगर आप किसी के यहां रात के भोजन पर जा रहे हैं, जहां आप आमंत्रित हैं तो समस्या कहां है. समस्या तब होती है जब राहुल गांधी किसी दलित के यहां खाना खाते हैं और इसे क्रान्तिकारी पहल बताया जाता है लेकिन अमित शाह यदि ऐसा करते हैं तो उन्हें रूढ़िवादी कहा जाता है. ऐसा नहीं होना चाहिए.


लोक जनशक्ति पार्टी के अध्यक्ष पासवान ने हाल ही में हुई दलित हिंसा पर कहा कि संविधान में हिंसा की कोई जगह नहीं है. मायावती के नेतृत्व वाली बसपा जैसे राजनीतिक दल ऐसे हालात का फायदा लेना शुरू कर देते हैं.जब इन खबरों के बारे में पूछा गया कि योगी सरकार 2019 लोकसभा चुनाव से पहले कोटा के अंदर कोटा लागू कर सकती है तो पासवान ने कहा कि सिद्धांतत: कोई इसका विरोध नहीं कर सकता. हमने अति पिछड़ा वर्ग आयोग बनाया है और यह तीन महीने में अपनी रिपोर्ट सौंपेगा. हम शुरूआत से ही कह रहे हैं कि अगर सरकार विशेष प्रावधान करती है और इसका लाभ दलितों में भी सबसे कमजोर वर्ग को मिलता है जो अत्यंत खराब हालात में जी रहे हैं और अनपढ़ है तो हमें अपने हिस्से में कटौती करनी होगी और हम इसके लिए तैयार हैं.


एएमयू में हाल में मोहम्मद अली जिन्ना की तस्वीर को लेकर उपजे विवाद में पड़ने से पासवान ने इंकार कर दिया. उन्होंने कहा कि क्या यह देश कभी जिन्ना का समर्थन करेगा? यह देश गांधी, आंबेडकर, लोहिया और जेपी में भरोसा करेगा?


केन्द्रीय उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्री पासवान राजधानी के एक दिवसीय दौरे पर आए थे. उन्होंने उत्तर प्रदेश में भारतीय खाद्य निगम की उपलब्धियों की समीक्षा की.


ये भी पढ़ेंः
प्राइवेट हॉस्टल में रह रहे स्टूडेंट्स को भी मिलेगा BPL दर पर अनाज
दलितों के लिए नई पार्टी बनना मायावती, पासवान की नाकामी: बहुजन आजाद पार्टी


Article source: http://ibnlive.in.com/news/rare-surgery-in-delhi-reconstructs-half-of-babys-heart/298025-17.html

No comments:

Post a Comment