READ MORE
लखनऊ में सोमवार को नियुक्ति पत्र दिए जाने की मांग को लेकर बीटीसी-टीईटी उत्तीर्ण सैंकड़ों अभ्यर्थियों ने बेसिक शिक्षा निदेशालय का घेराव कर धरना-प्रदर्शन किया. पिछले कई दिनों से अभ्यर्थी अपनी मांगों को लेकर लगातार प्रदर्शन कर रहे हैं. इस दौरान अभ्यर्थियों ने बेसिक शिक्षा परिषद के सचिव से भी मुलाकात की. सहायक अध्यापक के 12460 पदों पर भर्ती को शासन की हरी झंडी मिलने के बाद भी हजारों अभ्यर्थियों को राहत नहीं मिल पाई है.हाईकोर्ट में मामला होने के चलते अभ्यर्थियों की नियुक्ति फंसी हुई है. अभ्यर्थियों का आरोप है कि इस मामले में बेसिक शिक्षा विभाग के अधिकारी लचर रवैया अपना रहे हैं. इसी वजह से कोर्ट से राहत नहीं मिल रही. सहायक अध्यापक के 12460 पदों पर इन अभ्यर्थियों की नियुक्ति के लिए सीएम योगी आदित्यनाथ ने मार्च में निर्देश दिए थे. जिन अभ्यर्थियों के जनपदों में विज्ञापन के अनुसार कोई रिक्त पद नहीं था उनको दूसरे जनपद से आवेदन करने की छूट दी गई थी.
इसके विरोध में कुछ लोगों ने कोर्ट में रिट दाखिल करके आपत्ति जताई जिसके बाद शून्य जनपद वाले जिलों में भर्ती रोक दी गई. अभ्यर्थियों के अनुसार कोर्ट ने अपने आदेश में सरकार को यह छूट दी है कि वह चाहे तो कोर्ट में लीव एप्लीकेशन लगाकर सभी अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र दे सकती है. अभ्यर्थियों ने बताया कि प्रदेश भर से करीब साढ़े सात हजार अभ्यर्थियों को अब तक नियुक्ति पत्र नहीं मिला है.
(रिपोर्ट: शैलेष अरोड़ा/लखनऊ)
No comments:
Post a Comment