Thursday, 3 May 2018

राहुल ने कभी भी देवेगौड़ा का अपमान नहीं किया : कांग्रेस


READ MORE

कांग्रेस ने कहा कि पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी ने कभी भी जद (सेक्युलर) प्रमुख एच. डी. देवेगौड़ा का अपमान नहीं किया है, जैसा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने दावा किया है. प्रधानमंत्री के हमले पर पलटवार करते हुए कांग्रेस ने आरोप लगाया कि मोदी ने अपने दो पुराने प्रधानमंत्रियों (मनमोहन सिंह और देवेगौड़ा) का अपमान किया है और उन्हें माफी मांगनी चाहिए.राज्यसभा में विपक्ष के उपनेता आनंद शर्मा ने पत्रकारों से कहा, “राहुल गांधी ने कभी भी देवेगौड़ा का अपमान नहीं किया है… अपमान करना कांग्रेस की संस्कृति का हिस्सा नहीं है.” कांग्रेस नेता ने मोदी पर अपने हावभाव और भाषा से प्रधानमंत्री पद की गरिमा का अपमान करने का आरोप लगाते हुए कहा कि प्रधानमंत्री ने अपने अभियान के दौरान जो बातें कही वे सच नहीं थीं.


शर्मा ने कहा, “इस सरकार की नींव झूठे वादों, झूठ, छल, प्रोपैगैंडा और शेखीबाजी पर टिकी है.” उन्होंने कहा कि मोदी और उनकी सरकार ‘डिपार्चर लाउंज’ में है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस बात को जानती है कि देवेगौड़ा बहुत सीनियर और सम्मानित नेता हैं.


उन्होंने कहा, “जब देवेगौड़ा जी प्रधानमंत्री थे तो उनकी सरकार के पास कांग्रेस पार्टी का पूरा समर्थन था. राहुल गांधी ने देवेगौड़ा के बारे में कुछ भी अपमानजनक नहीं कहा है.”शर्मा ने आरोप लगाया कि मोदी और भाजपा प्रमुख अमित शाह ने जद (सेक्युलर) के साथ ‘अवसरवादी गठजोड़’ कर लिया है. गौरतलब है कि मोदी ने मंगलवार को एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए गौडा का ‘ अपमान’ करने के लिए राहुल पर निशाना साधा और कहा कि यह उनका ‘अहंकार’ दिखाता है. शर्मा ने पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का बार-बार अपमान करने के लिए मोदी से माफी की मांग की.


वरिष्ठ कांग्रेस नेता कहा कि देश ने देखा है कि मोदी का खुद संसद में मनमोहन सिंह के प्रति कितना ‘अपमानजनक’ रवैया रहा है. उन्हें माफी मांगनी चाहिए.


उन्होंने 2014 के आम चुनाव में गौडा के उस बयान का जिक्र किया कि अगर मोदी प्रधानमंत्री बन जाएंगे तो वह ‘राजनीति से संन्यास’ ले लेंगे. मोदी ने भी कहा था कि वह गौडा को ‘वृद्धाश्रम’ भेजेंगे.


उन्होंने कहा, ‘उन्हें भी देवेगौड़ा से माफी मांगनी चाहिए. कर्नाटक के लोगों को जानने दीजिए कि इस प्रधानमंत्री की जबान तीखी है और वह छल कपट और ढोंग करने की कला में माहिर हैं.”


महिला सुरक्षा, किसानों के मुद्दे, बैंक धोखाधड़ी और राफेल सौदे समेत कई मुद्दों पर सरकार पर हमला करने वाले शर्मा ने कहा कि मोदी जानते हैं कि वक्त आ गया है और भाजपा के लिए उल्टी गिनती कर्नाटक से शुरू होगी.


पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कहा, “वह और उनकी सरकार डिपार्चर लाउंज में है. भारत के लोग निराश नहीं है बल्कि वह झूठ, झूठे वादे और झूठे दावों, लोगों की बुद्धिमानी का अपमान करने से ऊब गए हैं और वे उन्हें बाहर भेजे जाने का इंतजार कर रहे हैं.”


कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि कर्नाटक चुनाव के मद्देनजर देश में एक करोड़ 50 लाख नौकरियां पैदा होने की घोषणा की गई. उन्होंने कहा, “यह एक और झूठ है.”


Article source: http://feedproxy.google.com/~r/ndtvkhabar/~3/S41P1kGLNzI/story01.htm

No comments:

Post a Comment