READ MORE
कर्नाटक चुनाव के नजदीक आते ही पॉलीटिकल पार्टी के बीच आरोप-प्रत्यारोप का सिलसिला जोर पकड़ता जा रहा है. पीएम मोदी के बयान के बाद अब कांग्रेस ने भाजपा पर जमकर हमला बोला है. कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राजीव शुक्ला ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि वह कर्नाटक में ‘यड्डी-रेड्डी गैंग’ को सरंक्षण दे रही है और ‘भ्रष्टाचार की प्रतिमूर्ति’ बीएस येदियुरप्पा के साथ खड़े होने वाले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को इस विषय पर बात करने का नैतिक अधिकार नहीं है.उन्होंने कहा, ‘प्रधानमंत्री के मंच पर येदियुरप्पा खड़े होते हैं. ऐसे में मोदी जी को भ्रष्टाचार पर बोलने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है. येदियुरप्पा भ्रष्टाचार की प्रतिमूर्ति हैं. जब आप उनका साथ दे रहे हैं और भ्रष्टाचार के बारे में बोलते हैं तो अजीबोगरीब लगता है.’ उन्होंने दावा किया, ‘सीबीआई ने केंद्र सरकार के दबाव में येदियुरप्पा को क्लीनचिट दी है. ऐसे में कर्नाटक सरकार ने राज्य को लूटने की जांच एसआईटी से कराने का फैसला किया.’ शुक्ला ने कहा, ‘अब ‘यड्डी-रेड्डी गैंग’ कर्नाटक में फिर से शासन करना और लूटना चाहता है. भाजपा इस गैंग को संरक्षण दे रही है. कर्नाटक की जनता से अपील है कि वह इस गैंग से सावधान रहे.’
वह जाहिर तौर पर येदियुरप्पा और खनन कारोबारी रेड्डी बंधुओं के संदर्भ में ‘यड्डी-रेड्डी’ शब्द का इस्तेमाल कर रहे थे.
पिछले दिनों कर्नाटक में भाजपा अध्यक्ष की जुबान फिसलने का हवाला देते हुए कांग्रेस नेता ने कहा, ‘अमित शाह जी बुद्धिमान व्यक्ति हैं. उनकी जुबान नहीं फिसली है, बल्कि जो बात दिमाग में थी वही जुबान पर आ गई. उन्होंने सही कहा येदियुरप्पा सरकार सबसे भ्रष्ट थी.’गौरतलब है कि शाह ने मार्च महीने के अंत में बेंगलुरु में एक संवाददाता सम्मेलन में गलती से कहा था कि यदि भ्रष्टाचार में कोई प्रतिस्पर्धा कर ली जाए तो येदियुरप्पा सरकार को इस प्रतियोगिता में पहला स्थान मिल जाएगा. हालांकि पास में बैठे एक भाजपा नेता के याद दिलाने पर शाह ने अपनी गलती मानते हुए कहा कि उनका अर्थ वर्तमान की सिद्धरमैया सरकार से था.
शुक्ला ने आरोप लगाया कि नरेंद्र मोदी सरकार में किसानों की परेशानी बढ़ती जा रही है और सरकार कुछ नहीं कर रही है.
ये भी पढ़ेंः
क्या देश की मौजूदा राजनीति को बदल देगा कर्नाटक चुनाव?
कर्नाटक में कांग्रेस नेताओं के घर छापेमारी जारी, सिद्धारमैया ने चुनावी डिबेट में IT को घसीटा
Article source: http://feedproxy.google.com/~r/ndtvkhabar/~3/GfetNAGJsGE/story01.htm
No comments:
Post a Comment