Monday, 28 May 2018

पेट्रोल-डीजल के बाद अब CNG की मार, दिल्ली-NCR में ये होंगी कीमतें


READ MORE

राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में सीएनजी के दाम 1.36 रुपये प्रति किलोग्राम बढ़ा दिए गए हैं. इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड (IGL) ने कहा कि रुपये में गिरावट और प्राकृतिक गैस की कीमतों में बढ़ोतरी की वजह से कच्चे माल की लागत बढ़ी है जिसकी वजह से यह कदम उठाना पड़ा है.नई कीमतें सोमवार रात 12 बजे से लागू होंगी. दिल्ली में सीएनजी की कीमत 41.97 रुपये प्रति किलोग्राम हो जाएगी. वहीं नोएडा, ग्रेटर नोएडा और गाजियाबाद में इसकी कीमतों में 1.55 रुपये प्रति किलोग्राम की बढ़ोत्तरी की गई है. यहां इसकी कीमत 48.60 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई है.


आईजीएल ने कहा कि उत्पादन लागत में वृद्धि की वजह से सीएनजी कीमतों में बढ़ोतरी जरूरी हो गई थी. आईजीएल ने कहा कि रात 12:30 बजे से सुबह 5:30 बजे तक कुछ चुनिंदा आउटलेट्स पर सीएनजी के बिक्री मूल्य में 1.50 रुपये प्रति किलोग्राम की छूट जारी रहेगी. इस तरह रात 12:30 बजे से सुबह 5.30 बजे तक दिल्ली में सीएनजी की कीमत 40.47 रुपये और नोएडा , ग्रेटर नोएडा और गाजियाबाद में 47.10 रुपये किलोग्राम रहेगी. पाइप वाली रसोई गैस (पीएनजी) की कीमतों में संशोधन नहीं किया गया है.


बता दें कि सोमवार को लगातार 15वें दिन पेट्रोल-डीजल की कीमतों में इजाफा हुआ. मुंबई में पेट्रोल के दाम 86 रुपये के पार चले गए हैं वहीं दिल्ली में सोमवार को पेट्रोल 78.27 रुपये में बिका. डायनैमिक प्राइसिंग सिस्टम दोबारा 14 मई को अमल में लाए जाने के बाद से रोजाना पेट्रोल और डीजल के दाम में संशोधन किया जा रहा है.तेल कंपनी इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन की वेबसाइट के अनुसार, मुंबई में पेट्रोल की कीमत सोमवार को 86.06 रुपये प्रति लीटर रही, जबकि एक दिन पहले रविवार को यहां पेट्रोल 85.93 रुपये प्रति लीटर था. दिल्ली, कोलकाता और चेन्नई में पेट्रोल के दाम सोमवार को क्रमश: 78.27 रुपये, 80.91 रुपये और 81.26 रुपये प्रति लीटर हो गए.


दाम बढ़ने के पीछे तर्क दिया जा रहा है कि घरेलू बाजार में तेल के दाम में बढ़ोतरी मुख्य रूप से अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल के दाम में तेजी के कारण होती है, क्योंकि कच्चे तेल का दाम ऊंचा होने से आयात महंगा हो जाता है. मगर, पिछले सप्ताह से अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल के भाव में करीब चार से पांच डॉलर प्रति बैरल की गिरावट देखी है और बेंट्र क्रूड की कीमत इस समय 76 डॉलर प्रति बैरल के आसपास बनी हुई है.


कांग्रेस बोली- मोदी जी, अब बहुत हो चुका
कांग्रेस ने सीएनजी की कीमत में बढ़ोतरी को लेकर नरेंद्र मोदी सरकार पर हमला बोला है. कांग्रेस ने आरोप लगाया, ‘आम लोगों की गाढ़ी कमाई को बर्बाद करना भाजपा का एकमात्र एजेंडा है.’ पार्टी के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने ट्वीट किया, “पहले उन्होंने 15 दिन तक लगातार पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी कर आम आदमी की जेब पर चपत लगाने का काम किया. अब दिल्ली में सीएनजी-पीएनजी की कीमतें भी बढ़ा दी गईं.’ उन्होंने आरोप लगाया, ‘आम लोगों की गाढ़ी कमाई को बर्बाद करना भाजपा का एकमात्र एजेंडा है.’ सुरजेवाला ने लिखा, ‘प्रिय मोदी जी, अब बहुत हो चुका.’


(इनपुट भाषा से)


Article source: https://hindi.news18.com/photogallery/entertainment/bollywood-black-panther-is-doing-great-on-box-office-it-made-a-bigger-opening-than-aiyaary-1275419.html

No comments:

Post a Comment