Monday, 28 May 2018

उपचुनाव: EVM में गड़बड़ी ने किया परेशान, दोबारा मतदान की मांग


READ MORE

दस राज्यों की 14 लोकसभा और विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव के दौरान उत्तर प्रदेश की कैराना और महाराष्ट्र की भंडारा गोंदिया लोकसभा सीट पर वीवीपेट मशीनों में गड़बड़ी की सर्वाधिक शिकायतों के कारण इन्हें बदलना पड़ा.मतदान खत्म होने के बाद आयोग की ओर से देर शाम जारी आंकड़ों के मुताबिक कैराना सीट पर इस्तेमाल की गयी 1705 वीवीपेट मशीनों में से गड़बड़ी की शिकायतों के चलते 355 वीवीपेट (20.82 प्रतिशत) बदलनी पड़ीं. जबकि भंडारा गोंदिया सीट पर इस्तेमाल की गयी 2149 वीवीपेट में से गड़बड़ी की शिकायतों वाली 413 वीवीपेट (19.22 प्रतिशत) को बदलना पड़ा.


कहां कितनी हुई वोटिंग
ईवीएम में गड़बड़ी के आरोप-प्रत्यारोपों के बीच उत्तर प्रदेश की कैराना लोकसभा सीट और नूरपुर विधानसभा सीट के लिए क्रमश: लगभग 54 प्रतिशत और 61 फीसदी मतदान हुआ. मेघालय की आमपाटी में 90.42 फीसदी, झारखंड की गोमिया और सिली में क्रमश: 62.61 और 75.5 फीसद, पंजाब की शाहकोट सीट पर 73 प्रतिशत, बंगाल के महेशटाला में शाम पांच बजे तक 70 फीसद और जोकीहाट में 53 फीसद मतदान हुआ.गर्मी से हुई ईवीएम में हुई गड़बड़ी
उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र सहित अन्य राज्यों की दर्जन भर लोकसभा और विधानसभा सीटों पर उपचुनाव में मतदान के दौरान ईवीएम में गड़बड़ी की शिकायतों पर चुनाव आयोग ने आशंका जतायी है कि अत्यधिक गर्मी भी इसकी वजह हो सकती है. सूत्रों के मुताबिक आयोग ने संभावना जतायी है कि वीवीपेट मशीनों को लाने-ले जाने में कर्मचारियों के लापरवाही पूर्ण रवैये की वजह से इनमें गड़बड़ी पैदा हुई होगी. आयोग ने कहा कि अत्यधिक गर्मी के कारण मशीनें गरम होने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता है.


इससे पहले सपा, रालोद और कांग्रेस के संयुक्त प्रतिनिधिमंडल और भाजपा नेताओं ने मतदान के दौरान ईवीएम एवं वीवीपेट मशीनों में गड़बड़ी का मामला आयोग के सामने उठाया. सूत्रों के अनुसार आयोग ने इन दलों के नेताओं को कुछ मतदान केन्द्रों पर वीवीपेट मशीनों में गड़ीबड़ी की शिकायतों पर जरूरी कार्रवाई का भरोसा दिलाया है.


आयोग के एक अधिकारी ने कहा,‘ईवीएम में कोई अनियमितता नहीं पायी गयी. जहां तक वीवीपेट में गड़बड़ी का सवाल है तो पहली बार तैनात कर्मचारियों द्वारा ईवीएम का संचालन करना, अत्यधिक गर्मी, धूप में वीवीपेट मशीनों का रखा जाना और इन्हें लाने ले जाने में लापरवाही बरतना, इसके संभावित कारण हो सकते है.’ आयोग ने इन शिकायतों की तह में जाकर गड़बड़ियों के मूल कारण का विश्लेषण कर भविष्य में स्थिति को बेहतर बनाने का भरोसा दिलाया. आयोग ने आश्वस्त किया है कि वीवीपेट से जुड़ी शिकायतों की पुष्टि करने के बाद जिला निर्वाचन कर्मियों ने इन्हें दुरुस्त करने के लिये माकूल कार्रवाई की.


आयोग ने यह मामला उठाने वाले सभी दलों के नेताओं से कहा कि संबद्ध क्षेत्रों के निर्वाचन अधिकारियों, जिला निर्वाचन अधिकारियों और पर्यवेक्षकों की इस बारे में रिपोर्ट के आधार पर अग्रिम कार्रवाई भी की जायेगी.


उल्लेखनीय है कि सपा नेता रामगोपाल यादव, रालोद अध्यक्ष अजीत सिंह और कांग्रेस नेता आरपीएन सिंह ने आयोग से उत्तर प्रदेश में कैराना लोकसभा और नूरपुर विधानसभा व महाराष्ट्र में भंडारा गोंदिया लोकसभा और पालघर विधानसभा सीट पर उपचुनाव में मतदान के दौरान ईवीएम वीवीपेट में गड़बड़ी आने की शिकायतों का मामला उठाया. इसके बाद भाजपा नेता भूपेन्द्र यादव और अरुण सिंह ने भी उपचुनाव वाले क्षेत्रों में 197 मतदान केन्द्रों पर ईवीएम में गड़बड़ी का मुद्दा आयोग के समक्ष उठाया था.


ये भी पढ़ें
कर्नाटक में सत्ता की साझेदारी कांग्रेस-JDS ने इस उपचुनाव में खींंच रखी है तलवार
CIC से उलट चुनाव आयोग ने कहा- राजनीतिक पार्टियां नहीं आती हैं RTI के अंतर्गत

No comments:

Post a Comment