READ MORE
साक्षी खन्ना
अगले साल होने वाले लोकसभा चुनावों से पहले तीसरे मोर्चे को लेकर तेलंगाना के मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव ने बुधवार को उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव से मुलाकात की.अखिलेश यादव ने राव को समर्थन देने का वादा किया. साथ ही उन्होंने कहा कि देश मौजूदा सरकार से खुश नहीं है और लोग बदलाव चाहते हैं.
उन्होंने कहा, “मैंने बार-बार कहा है कि सिर्फ क्षेत्रीय दल और क्षेत्रीय नेता ही बीजेपी को रोक सकते हैं. वादों की एक लंबी सूची है जिसे बीजेपी ने पूरा नहीं किया है. यूपी में हालिया उप-चुनावों में बीजेपी की हार हुई थी. इससे ये संकेत मिल रहे हैं कि लोग वैकल्पिक सरकार की तरफ देख रहे हैं.”इस मुलाकात के बाद चंद्रशेखर राव ने कहा, “ये सिर्फ राजनीतिक दलों का गठबंधन नहीं है, बल्कि बड़े बदलाव की दिशा में एक बड़ा कदम है.”
वहीं एनडीए के दूसरे सहयोगी दलों को भी इन नए मोर्चे में लाने की कोशिशों की तरफ इशारा करते हुए अखिलेश यादव कहते हैं, ‘दूसरी क्षेत्रीय पार्टियों को भी एक साथ लाने की कोशिशें जारी है. यह तो बस शुरुआत है. एनडीए 45 पार्टियों का गठबंधन है. हम तो अभी कुछ ही से मिले हैं.’
बता दें तेलंगाना के मुख्यमंत्री फेडरल फ्रंट बनाने के लिए कई क्षेत्रीय नेताओं से मुलाकात कर रहे हैं. इससे पहले केसीआर पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, जनता दल (सेक्युलर) के मुखिया एचडी देवगौड़ा, डीमके नेता करुणानिधि व एमके स्टॉलिन से मुलाकात कर चुके हैं. उम्मीद है कि वह अगली मीटिंग बीजेडी प्रमुख व ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक से मुलाकात करेंगे.
No comments:
Post a Comment