Sunday, 27 May 2018

4 लोकसभा और 10 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव आज, कैराना में BJP की प्रतिष्ठा दांव पर


READ MORE

उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र और नगालैंड की 4 लोकसभा सीटों और 10 विधानसभा सीटों के लिए सोमवार को उपचुनाव होने हैं. जबकि, कर्नाटक की दो विधानसभा सीटों आरआरनगर और जयानगर पर भी आज मतदान है. उत्तर प्रदेश की कैराना, महाराष्ट्र की पालघर, भंडारा-गोंदिया और नगालैंड की एकमात्र लोकसभा सीटों के लिए आज वोट डाले जाएंगे. इनमें से यूपी की कैराना लोकसभा सीट सबसे अहम मानी जा रही है. वहीं, कर्नाटक की दो विधानसभा सीटों पर होने वाले चुनाव पर भी नज़र रहेगी. वोटिंग सुबह 7 बजे शुरू होगी, जो शाम 5 बजे तक चलेगी. वोटिंग के लिए पोलिंग बूथों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं.चार लोकसभा सीटों के साथ ही आज 10 असेंबली सीटों पर उपचुनाव होने हैं. ये सीटें हैं- नूरपुर (यूपी), महेश्तला (प.बंगाल), आमपति (मेघालय), थरली (उत्तराखंड), चेंगनूर, (केरल), जोकीहाट (बिहार), गोमिया (झारखंड), सिल्ली (झारखंड), सहकोट (पंजाब), पालस-काडेगांव (महाराष्ट्र). 12 मई को कर्नाटक के 224 सीटों में से 222 सीटों के लिए चुनाव हुए थे. आरआरनगर और जयानगर सीट पर मतदान स्थगित था. आज इन दोनों सीटों पर भी चुनाव होने हैं. सभी लोकसभा और विधानसभा सीटों के चुनाव के नतीजे 31 मई को घोषित किए जाएंगे.


कैराना में बीजेपी की चुनौती
यूपी की कैराना लोकसभा सीट काफी अहम मानी जा रही है. ये सीट बीजेपी सांसद हुकुम सिंह के निधन से खाली हुई थी. अब यहां जीत के लिए मुकाबला कैराना के दो परिवारों- हुकुम सिंह और अख्तर हसन के बीच है. एक तरफ हुकुम सिंह की बेटी मृगांका सिंह बीजेपी की टिकट पर चुनावी मैदान में हैं. दूसरी तरफ दिवंगत सांसद मुनव्वर हसन की पत्नी तबस्सुम हसन आरएलडी के चुनाव चिह्न पर सपा-बसपा-कांग्रेस-आरएलडी गठजोड़ की साझा उम्मीदवार हैं.केरल के चेंगन्नूर में भी उपचुनाव
केरल में चेंगन्नुर विधानसभा सीट पर आज उपचुनाव है. मध्य केरल में पड़ने वाली चेंगन्नूर विधानसभा सीट पर सीपीएम विधायक के के रामचंद्र के निधन की वजह से उपचुनाव हो रहा है. उनका इस साल जनवरी में बीमारी की वजह से निधन हो गया था. इस उपचुनाव के नतीजे को राज्य में पी विजयन नीत एलडीएफ सरकार और केंद्र की नरेंद्र मोदी नीत राजग सरकार के कामकाज पर जनमत संग्रह के तौर पर देखा जाएगा.


महाराष्ट्र के दो लोकसभा सीटों पर हो रही वोटिंग
महाराष्ट्र के पालघर और भंडारा-गोंदिया लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र में हो रहे उपचुनाव के लिए कांग्रेस, बीजेपी और शिवसेना ने कमर कस ली है. शिवसेना ने जहां बीजेपी के दिवंगत सांसद चिंतामन वांगा के बेटे श्रीनिवास वांगा को पालघर से मैदान में उतारा है. वहीं, बीजेपी ने हाल ही कांग्रेस छोड़ कर पार्टी में आने वाले राजेन्द्र गावित को अपना उम्मीदवार बनाया है.


बता दें कि बीजेपी सांसद चिंतामन वांगा के इस साल जनवरी में निधन के बाद पालघर में उपचुनाव कराया जा रहा है. वहीं, भंडारा-गोंदिया से बीजेपी सांसद ने संसद और पार्टी की सदस्यता से त्यागपत्र दे दिया था. इस वजह से इस यह सीट खाली हो गई थी.


कर्नाटक की दो विधानसभा सीटों पर भी हो रही वोटिंग
इसके अलावा कर्नाटक की दो विधानसभा सीटों आरआरनगर और जयानगर के लिए भी आज वोटिंग हो रही है. 12 मई को कर्नाटक के कुल 224 सीटों में से 222 सीटों पर चुनाव हुए थे, लेकिन इन दोनों सीटों पर मतदान स्थगित था. इन दोनों सीटों पर कांग्रेस, जेडीएस और बीजेपी के बीच त्रिकोणीय मुकाबला है.
सभी लोकसभा सीटों और विधानसभा सीटों पर उपचुनाव और चुनाव के नतीजों का ऐलान 31 मई को किया जाएगा.

No comments:

Post a Comment