READ MORE
आईपीएल के 31वें मैच में अपने घरेलू मैदान चिन्नास्वामी स्टेडियम में बैंगलोर ने मुंबई इंडियंस को हरा दिया. बैंगलोर ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 167 रन बनाए लेकिन मुंबई की टीम लक्ष्य हासिल नहीं कर सकी और 14 रनों से मैच हार गई. मुंबई के लिए ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या ने 50, जेपी ड्युमिनी और क्रुणाल पांड्या ने 23-23 रनों की पारी जरूर खेली लेकिन वो टीम को जीत नहीं दिला सके. आरसीबी के लिए उसके तीनों तेज गेंदबाजों ने जबर्दस्त प्रदर्शन किया. उमेश यादव, टिम साउदी और मोहम्मद सिराज ने 2-2 विकेट अपने नाम किए. बैंगलोर की आठ मैचों में ये तीसरी जीत है और वो प्वाइंट्स टेबल में पांचवें नंबर पर आ गई है जबकि मुंबई को छठी हार के साथ टेबल में 7वें नंबर पर है.इससे पहले ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या (3/28) की अगुवाई में अपने गेंदबाजों के अच्छे प्रदर्शन की बदौलत मुंबई इंडियंस ने रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर को सात विकेट पर 167 रन पर रोक दिया. मुंबई ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया, बैंगलोर के लिए ओपनर क्विंटन डी कॉक (7) और मनन वोहरा (45)ने पहले विकेट के लिए 4.6 ओवर में 38 रन की साझेदारी की. वोहरा ने फिर ब्रैंडन मैक्कलम (37) के साथ दूसरे विकेट के लिए 23 रन जोड़े. वोहरा टीम के 61 के कुल स्कोर पर आउट हुए. वोहरा ने 31 गेंदों पर दो चौके और चार छक्के लगाए.
मैक्कलम का विकेट टीम के 121 के स्कोर पर गिरा. उन्होंने 25 गेंदों की पारी में चार चौके और दो छक्के जड़े. मैक्कलम और कप्तान विराट कोहली (32) के बीच तीसरे विकेट के लिए 60 रन की अहम साझेदारी हुई. मैक्कलम को हार्दिक पांड्या ने रन आउट किया. पांड्या ने इसके बाद अपने तीसरे और टीम के 18वें ओवर में सिर्फ दो रन दिए और तीन विकेट झटके जिसके कारण बैंगलोर बड़ा स्कोर बनाने से चूक गई. पांड्या ने 18वें ओवर की पहली गेंद पर मनदीप सिंह (14), दूसरी गेंद पर कोहली (32) और छठी गेंद पर वॉशिंगटन सुंदर (1) को आउट किया. कोहली ने 26 गेंदें खेलीं और दो चौके और एक छक्का लगाया.
बैंगलोर ने अपना सातवां विकेट 18.5 ओवर में टिम साउदी (1)के रूप में खोया. कॉलिन डी ग्रान्होम ने 10 गेंदों पर तीन छक्के की मदद से नाबाद 23 रन का योगदान दिया. बैंगलोर ने आखिरी चार ओवर में 38 रन बनाए और चार विकेट गंवाए. मुंबई के लिए हार्दिक पांड्या ने 28 रन पर तीन विकेट लिए.
No comments:
Post a Comment